खरगोन में कपास खरीदी का हुआ मुहूर्तः कपास मंडी में 7405 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकी पहली गाड़ी

प्रदेश की सबसे बड़ी ए क्लास खरगोन कपास मंडी में नवीन सीजन कपास खरीदी का मुहूर्त हुआ। जिसमे पूर्व कृषि राज्य मंत्री और खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, एसडीएम भास्कर गाचले और मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह चावला सहित किसान और व्यापारी पूजन में मौजूद थे। किसान गोपाल यादव की पहली बैलगाड़ी 7405 रुपए में नीलामी हुई।


पहले दिन मुहूर्त में 15 बैलगाड़ी और 465 वाहन कपास पहुंचे। कपास में नमी के बावजूद मुहूर्त में 7405 भाव पर किसान उत्साहित दिखे। पिछले साल 6481 रुपए क्विंटल मुहूर्त में कपास बिका था। किसानों को उम्मीद है कि इस बार भी बिना नमी का कपास 10 हजार रुपए तक बिकेगा। केंद्र सरकार ने इसबार कपास का समर्थन मूल्य 7500 रुपए किया है। सीसीआई की सरकारी खरीदी दीपावली के आसपास शुरू होगी। किसान गोपाल यादव ने कहा मुहूर्त में अच्छा भाव मिला है। बारिश के चलते कपास में नमी है। 



Comments