खरगोन कलेक्टर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया; जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
खरगोन। प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी जिले में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त 2024 को धूमधाम से हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय खरगोन के डीआरपी लाईन में आयोजित मुख्य समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर शासकीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, राजेन्द्र राठौर, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, जेएस बघेल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर सत्येन्द्र बैरवा, अन्य गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित थे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रातः तिरंगा झंडा फहराया गया तथा राष्ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया।
लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मान
डीआरपी लाईन खरगोन में आयोजित मुख्य समारोह में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि कलेक्टर शर्मा ने तिरंगा झंडा फहराया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम दिया गया संदेश पढ़कर सुनाया। इसके पश्चात आसमान में शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गये। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। इसके पश्चात कलेक्टर शर्मा ने परेड की सलामी ली। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक देवेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, होमगार्ड के जवानों, एनसीसी के केडेट्स, स्काउट गाईड, वन विभाग, पुलिस बैंड, शौर्य दल की सदस्यों एवं अश्वरोही दल द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया और तिरंगे झंडे को सलामी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस के जवानों द्वारा हर्ष फायर किये गये। इसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शानदार मार्च पास्ट के लिए जुनियर वर्ग में एनसीसी गर्ल्स को प्रथम, एनसीसी बॉयज को द्वितीय एवं स्काउट गाईड को तृतीय पुरस्कार दिया गया। सीनियर वर्ग में एनसीसी पीजी कॉलेज को प्रथम, पुलिस बैंड को द्वितीय तथा महिला पुलिस बल को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए गोकुलदास पब्लिक स्कूल को प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय खरगोन को द्वितीय एवं संस्कार इंटरनेशनल स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है।
विभाजन की विभिषिका पर लगाई गई प्रदर्शनी
डीआरपी लाइन पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप परिसर में विभाजन की विभिषिका पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी। इस प्रदर्शनी में 1947 में देश के विभाजन की पीड़ा से जिन लोगों को गुजरना पड़ा था, उसका चित्रण किया गया। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर शर्मा ने तिरंगा झंडा फहराया
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को प्रातः सभी शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रातः 08 बजे कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा ध्वाजारोहण किया गया तथा उपस्थित शासकीय सेवकों द्वारा राष्ट्रगान जन गण मण का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर शर्मा ने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों के बलिदान के वजह से हमारा देश आजाद हुआ है और आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। अब हमारी जिम्मेदारी है कि इस आजादी को हम बनाएं रखें और देश को तरक्की की राह पर बढ़ाते रहे। इसके लिए सभी व्यक्तियों को अपना कार्य जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
Comments
Post a Comment