भाजपा भगवानपुरा विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन; भगवानपुरा क्षेत्र में ब्याज सहित चुकाए हिसाब - जगदीश देवड़ा
भाजपा भगवानपुरा विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
खरगोन। भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकार ने भगवानपुरा क्षेत्र के विकास में कोई कसर शेष नहीं रखी। दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाया। खेतों को बिजली व सिंचाई की सुविधाएं दीं। कांग्रेस के 60 साल में जो कार्य नहीं हुए वह भाजपा सरकारों ने पूर्ण किए। इसके बावजूद विधानसभा चुनाव में हम भगवानपुरा क्षेत्र से हार गए। लोकसभा चुनाव में केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को मतदाता के सामने रख विधानसभा की हार का ब्याज सहित हिसाब चुकता करें। 50 हजार वोटों के अंतर से विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाएं।
यह बात उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भगवानपुरा विधानसभा क्षेत्र को कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया सम्मेलन में राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी सुभाष कोठारी, संयोजक बालकृष्ण पाटीदार, खरगोन जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, वरिष्ठ नेता मोहन गोले ने मार्गदर्शन दिया। स्वागत भाषण जिला मंत्री चंदरसिंह वास्कले ने दिया। श्री देवड़ा ने कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताते हुए कहा मोदीजी को प्रधानमंत्री, डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री, मुझे उपमुख्यमंत्री किसी ने बनाया है तो कार्यकर्ताओं ने बनाया है। ऐसे कार्यकर्ताओं के चरणों में प्रणाम किया जाए तो कम है। श्री देवड़ा ने कहा हमारी सरकारों ने विकास के अनेक कार्य किए हैं। किसान सम्मान निधि, लाडली बहना योजना, आवास योजना का पैसा सीधे हितग्राहियों के खाते में जाता है। सरकार व हितग्राही के बीच कोई दलाल, कोई बिचौलियां नहीं हैं। कांग्रेसी झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं। पिछले चुनाव में कहते थे मोदी आरक्षण समाप्त कर देंगे और अब कह रहे हैं मोदी संविधान बदल देंगे।
जबकि भाजपा सरकार ने मातृशक्ति को आरक्षण देकर उन्हें मजबूत करने का कार्य किया। आतंकवाद का सफाया कर देश की सीमाओं को सुरक्षित किया। यह चुनाव केवल सांसद चुनने का चुनाव नहीं है। यह चुनाव नरेंद्र मोदी को पुनः देश का प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। मैं क्षेत्र की जनता व कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूं कि 50 हजार से अधिक की लीड दिलाकर गजेंद्रभाई को पांच लाख वोटों से विजयी बनाएं। सांसद व प्रत्याशी गजेंद्रसिंह पटेल ने कहा मैंने पांच वर्ष के कार्यकाल में भगवानपुरा क्षेत्र में विधायक की कमी महसूस नहीं होने दी। हम यहां नर्मदा की नहरें लेकर आए। भाजपा सरकार ने उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं की सौगात दीं। दूरदराज क्षेत्र सिरवेल को पक्की सड़क से जोड़ा। सिरवेट में ग्रिड का निर्माण किया। 40 से अधिक मोबाइल टॉवर के माध्यम से जनता को दूरसंचार सुविधा उपलब्ध कराई। बीते चुनाव में 13 हजार 800 की लीड मिली थी जिसे अब 50 हजार में परिवर्तित करें। पुनः सांसद चुने जाने पर क्षेत्र के विकास में तेजी लाई जाएगी। राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी ने कहा भाजपा की मोदी सरकार ने 3.30 करोड़ शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में पक्के आवास की सौगात, 53 करोड़ आयुष्मान कार्डधारकों को पांच लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार, 10 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए हैं। मध्यप्रदेश में 45 लाख व भगवानपुरा क्षेत्र में 40 हजार पक्के आवास बनाए गए हैं।देश की जनता मोदी की गारंटी पर विश्वास करती है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने कहा अपने बूथ पर सरकार की योजनाओं के लाभार्थी परिवारों से संपर्क करें। संपर्कित परिवार को भाजपा की विचारधार से जोड़कर अपने बूथ पर 370 वोट बढ़ाएं। भाजपा की विजय सुनिश्चित करें। लोकसभा संयोजक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा भाजपा ने भगवानपुरा क्षेत्र को सबकुछ दिया है। कांग्रेस के समय किसानों की फंसलें उखाड़ी जाती थीं जबकि भाजपा ने उन्हें पट्टे देकर जमीन का मालिक बनाया। क्षेत्र को सिंचाई योजनाओं की सौगातें दीं। देशभर में भाजपा की लहर है और कांग्रेस खत्म होने के कगार पर है। सम्मेलन में लोकसभा प्रभारी सुभाष कोठारी, सहप्रभारी लोकेश शुक्ला, सहसंयोजक राजेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, पूर्व विधायक जसवंतसिंह हाड़ा, विजय सोलंकी, जिला उपाध्यक्ष सुगनकौर जाधव, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुभाष पंवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, विधानसभा संयोजक जगदीश जायसवाल, वरिष्ठ नेता गुलाबचंद भावसार, तिलोक सोलंकी, कमल मुकाती, प्रहलाद पटेल, मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुशवाह, दिलीप कुमावत, मुकेश पटेल, जनपद अध्यक्ष महेंद्र किराड़े, नगर परिषद अध्यक्ष डेमसिंह नार्वे, मांगीलाल राठौर आदि मंचासीन थे। कार्यक्रम में 50 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। संचालन भगवानपुरा मंडल अध्यक्ष जयनारायण गुप्ता ने किया व आभार सहसंयोजक गोविंद बड़ोले ने माना।
Comments
Post a Comment