राष्ट्रपति ने खरगोन जिले को किया भूमि सम्मान से सम्मानित, कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में डिप्टी कलेक्टर प्रताप अगासिया ने प्राप्त किया प्लेटिनम सम्मान

मुख़्यमंत्री चौहान और कृषि मंत्री पटेल ने भी दी बधाई

खरगोन। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपति मुर्मू ने खरगोन जिले को भू- अभिलेखों के डिजिटलीकरण के लिए मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन भूमि सम्मान 2023 के प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने पर मुख़्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी खरगोन कलेक्टर वर्मा सहित प्रदेश के 14 अन्य कलेक्टर्स को बधाई दी है। प्रदेश के कृषि मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने भी फोन पर कलेक्टर वर्मा को जिले को सम्मान दिलाने के लिए बधाई दी है। कलेक्टर व जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में यह सम्मान डिप्टी कलेक्टर प्रताप अगासिया ने प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआईएलआरएमपी) के अंतर्गत मुख्य घटकों के लिए संपूर्णता प्राप्त करने में खरगोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। भूमि सम्मान योजना विश्वास और साझेदारी पर आधारित केंद्र, राज्य का एक अच्छा उदाहरण है। क्योंकि भूमि अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण की श्रेणी प्रणाली मुख्य रूप से राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की रिपोर्ट और इनपुट पर आधारित होती है इससे भूमि रिकॉर्ड और पंजीकरण की डिजिटलीकरण प्रक्रिया से भूमि विवादों से जुड़े लंबित अदालती मामलों को बड़े पैमाने पर कम करने में मदद मिलेगी इससे भूमि विवादों से जुड़े मुकदमे के कारण रुकी हुई परियोजनाओं की वजह से देश की अर्थव्यवस्था के सकल घरेलू उत्पाद से होने वाले नुकसान में भी कमी आएगी। साथ ही कृषि और किसान कल्याण, रसायन उर्वरक, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), पंचायती राज और वित्तीय संसाधन आदि केंद्र और राज्य सरकार के विभागों के कार्यक्रमों से संबंधित विभिन्न सेवाओं और फायदों की प्रभावशीलता और दक्षता को बढ़ाने में भूमि रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी बहुत उपयोगी और प्रभावी हो सकती है। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने भूमि सम्मान से सम्मानित होना ऐतिहासिक उपलब्धि बतातें हुए पूरे राजस्व विभाग को बधाई देते हुए क्रेडिट भी दिया है।

Comments