अल्पसंख्यकों के विकास का आधार बनी भाजपा सरकार

भाजपा सरकारों के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं - सैय्यद इब्राहिम मोहम्मद

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री ने किया जिला बैठक को संबोधित

खरगोन। भारतीय जनता पार्टी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार अल्पसंख्यक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक वर्ग के लोग इसका लाभ भी उठा रहे हैं। अल्पसंख्यक मोर्चा का दायित्व है कि वह भाजपा सरकारों के कार्य व योजनाओं को जन-जन में पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करने में सहयोगी बने। 

यह बात भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री सैय्यद इब्राहिम मोहम्मद ने जिला बैठक में कही। उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों से भाजपा का जनाधार बढ़ाने के लिए संगठन के कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया। 

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया गुरुवार को जिला कार्यालय पर हुई बैठक में मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जावेद अख्तर, एम. एजाज, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, जिला महामंत्री महिम ठाकुर, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष आसिफ खान फतेह, नगर अध्यक्ष रणजीतसिंह रघुवंशी मंचासीन थे। जिला सहित मंडलों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक को भाजपा जिलाध्यक्ष राठौर ने संबोधित करते हुए कहा भाजपा सरकार की योजनाओं से सर्वहारा वर्ग को लाभ मिला है। सरकार अंत्योदय का उद्देश्य लेकर चल रही है। हाल ही में लाडली बहना योजना से प्रदेश की करीब सवा करोड़ बहनें लाभान्वित हुई है। इसमें बड़ी संख्या अल्पसंख्यक समुदाय बहनों की है। इससे पूर्व खरगोन आगमन पर मोर्चा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में राष्ट्रीय महामंत्री एवं पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।

Comments