भाजपा सरकारों की उपलब्धियां बताकर कांग्रेस के झूठ का भंडाफोड़ करें - राजेंद्रसिंह राठौर
भाजपा खरगोन नगर मंडल कार्यसमिति की बैठक में विशेष जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा बनी
खरगोन। मध्यप्रदेश में 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, नौकरीपेशा व आम जनता से झूठे वादे कर सरकार बनाई थी। झूठ के सहारे खड़ी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार अंतर्कलह के चलते ज्यादा दिन नहीं चल पाई और मध्यप्रदेश में पुनः भाजपा की शिवराज सरकार बनी। 2023 में कांग्रेस फिर से झूठे आश्वासनों का पिटारा लेकर आई है। भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के समानांतर योजना का झूठा आश्वासन देकर महिलाओं से फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। हमें 30 मई से 30 जून तक चलने वाले विशेष जनसंपर्क अभियान के दौरान आम जनता के समक्ष कांग्रेस के झूठ का भंडाफोड़ करते हुए उन्हें भाजपा सरकारों की उपलब्धियों व कार्यों से अवगत कराएं।
यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने खरगोन नगर मंडल कार्यसमिति की बैठक में कही। उन्होंने कहा हमें आगामी प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करना है। केंद्र की मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों व कार्यों से जन-जन को अवगत कराना होगा। हितग्राहियों को बताना होगा कि उन्हें भाजपा सरकारों ने प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान, लाडली लक्ष्मी सम्मान, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अनेक सौगातें दी हैं। हम संकल्प लें कि प्रत्येक बूथ पर भारतीय जनता पार्टी को 70-80 प्रतिशत से अधिक वोट दिलवाएंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया जिला कार्यालय पर हुई बैठक में पूर्व राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परसराम चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, बाबूलाल महाजन, खरगोन विधानसभा क्षेत्र पूर्णकालिक सुनील शुक्ला, खरगोन नपाध्यक्ष छाया जोशी ने भी संबोधित किया। प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र का पूजन किया। अतिथियों का स्वागत मंडल पदाधिकारियों ने किया। स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष रणजीतसिंह रघुवंशी ने दिया। पूर्व राज्यमंत्री पाटीदार ने कहा हम पूर्ण निष्ठा के साथ गांव-नगर में घर-घर जनसंपर्क करेंगे तो इसके परिणाम भी मिलेंगे। प्रदेश व जिले में हमारी स्थिति काफी मजबूत है। कांग्रेस हमारे सामने कुछ भी नहीं है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की शिवराज सरकार ने अद्भुत योजनाएं दी हैं। जिससे आम जनता के जीवन में आश्चर्यजनक परिवर्तन आया है। अब कांग्रेस उक्त योजनाओं की नकल कर रही है। नकल में भी अकल की जरूरत होती है, अन्यथा शक्ल बिगड़ जाती है। कांग्रेस ने पूर्व में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, किसानों को दो लाख का कर्जा माफ, महिलाओं को स्व सहायता समूह का कर्जा माफ जैसी अनेक थोथी घोषणाएं की थीं, लेकिन सरकार बनने के बाद कांग्रेस की कमलनाथ वादाखिलाफी की। अब कांग्रेसी नई घोषणाएं लेकर आ गए हैं। इस बार जनता कांग्रेसियों के झांसे में आने वाली नहीं है। विधानसभा पूर्णकालिक श्री शुक्ला ने कहा 20 से 30 जून तक घर-घर जनसम्पर्क अभियान चलेगा। भाजपा सरकारों की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क करें। उनसे वार्तालाप करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करें। उनसे मिस्ड कॉल करवाएं। चौहान ने कहा कर्नाटक चुनाव में हमारे वोटिंग प्रतिशत में गिरावट नहीं थी। सत्ता परिवर्तन के ट्रेंड के चलते भाजपा की सरकार नहीं बन पाई। मध्यप्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। हम जिले की सभी छह विधानसभा सीटें जीतेंगे। महाजन ने कहा लोकतंत्र के युद्ध का समय समीप आ गया है। अपने हथियारों की धार तेज कर लें। बूथ स्तर पर कोई कमी है तो उसे समय रहते दूर कर लें। नकारात्मक चर्चा से दूर रहें। हमारी सरकार बनेगी यह विश्वास हासिल कर लिया तो हम अवश्य जीतेंगे। महाजन ने दो कबीलों की लड़ाई व महाभारत युध्द के प्रसंगों के माध्यम से उत्साहवर्धन किया। डंडीर ने कहा हम जिले में पिछला विधानसभा चुनाव सभी छह सीटों पर हारे लेकिन पांच-छह माह बाद लोकसभा चुनाव में भारी मतों के अंतर से सभी सीटों पर जीते भी। खरगोन विधानसभा में 38 हजार वोटों की बढ़त प्राप्त की। पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव में भी जीत प्राप्त की। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हम विधानसभा चुनाव में भी विजयी होंगे। बैठक का संचालन आकाश गुप्ता ने किया व आभार राकेश चौहान ने माना।
Comments
Post a Comment