दुल्हन सज्जा व रंगोली प्रतियोगिता संपन्न

रांगोली के माध्यम से दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

खरगोन। भावसार क्षत्रिय समाज की महिला मंडल द्वारा नवरात्रि पर्व पर रोजाना अलग-अलग आयोजन किए जा रहे। इसी के अंतर्गत मंगलवार देर शाम को भावसार मोहल्ला स्थित भावसार धर्मशाला में दुल्हन सज्जा रांगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में समाज की महिलाओं व बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया। महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती डिंपल भावसार ने बताया कि रांगोली प्रतियोगिता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, भारतीय संस्कृति आदि का संदेश दिया। रांगोली प्रतियोगिता में प्रथम ज्योति पिता राजेश धारे, द्वितीय रूपाली दीपक भावसार व तृतीय स्वाति अमित भावसार रही। वही दुल्हन सज्जा प्रतियोगिता में प्रथम किंजल पिता जितेंद्र भावसार, द्वितीय डॉ नम्रता प्रीत भावसार व तृतीय निशा गौरव भावसार रही। 

इसके अलावा तत्कालिक भाषण में प्रथम किंजल पिता जितेंद्र भावसार, द्वितीय रुपाली धीरज भावसार व तृतीय सलोनी भावसार रही। महिला मंडल की सभी सदस्यों ने विजेताओं को बधाई संदेश देते हुए शुभकामनाएं दी। विजेताओं को रामनवमी आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।

कन्याओं के पूजन के साथ प्रारंभ होगा भंडारा 

खरगोन- ब्राह्मणपुरी स्थित श्री बाघेश्वरी माता मंदिर में चेत्र नवरात्रि के दौरान चले विभिन्न अनुष्ठानों एवं सप्तशती के पाठ का हवन कर गुरुवार को पूर्णाहुति होगी। वही पूर्णाहुति के पश्चात शुक्रवार को कन्या पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारा प्रातः 11 बजे से शुरू होगा जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मंदिर पुजारी जगदीश ठक्कर ने बताया कि प्रतिवर्ष चेत्र नवरात्रि में शहर की सुख-समृद्धि, सुख-शांति, जनकल्याण और आपसी प्रेमभाव के लिए विभिन्न अनुष्ठान किए जाते है। 24 वर्षों से नवचंडी यज्ञ की पूर्णाहुर्ति के पश्चात भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। ज्ञात हो कि चैत्र दुर्गोत्सव के तहत ब्राह्मणपुरी स्थित श्री बाघेश्वरी माता मंदिर में नवरात्रि का पर्व बड़ी धुमधाम से मनाया जाता है। यहां गुड़ी पडवा से आरंभ होकर श्री रामनवमी तक विभिन्न अनुष्ठान आयोजित किए जाते है। इन सभी अनुष्ठानों का गुरुवार रामनवमी पर यज्ञ पश्चात समापन होगा। यज्ञ के मुख्य मनोरथी अनिल जोशी रहेंगे।

Comments