बाघ के हमले में घायल भाजपा बूथ अध्यक्ष का निधन, मुख्यमंत्री ने आठ लाख रुपए आर्थिक सहायता स्वीकृत की
खरगोन। जिले के झिरन्या तहसील क्षेत्र में बाघ (टाइगर) के हमले में घायल भाजपा गवला बूथ समिति के अध्यक्ष संतोष भास्करे (30) की गुरुवार को इंदौर अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में मृत्यु हो गई। यह समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया।
पंधाना विधायक राम दांगोड़े ने तत्काल मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को पत्र लिखकर व उनसे दूरभाष पर चर्चा कर दिवंगत भास्करे के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। दांगोड़े ने बताया मुख्यमंत्री ने भास्करे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजन को आठ लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने भास्करे के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत भास्करे को कर्मठ कार्यकर्ता बताते हुए इसे व्यक्तिगत व संगठन की अपूरणीय क्षति बताया। बुधवार को खेत में काम करते समय बाघ ने खेत में काम कर रहे भास्करे पर हमला कर घायल कर दिया था। उन्हें पंधाना में प्राथमिक उपचार पश्चात खंडवा के अस्पताल में भर्ती किया था। रातभर में शरीर में इंफेक्शन बढ़ने व हालत बिगड़ने पर गुरुवार इंदौर रेफर किया गया। इंदौर ले जाते समय रास्ते में भास्करे का दुःखद निधन हो गया। वे अपने पीछे माता-पिता, पत्नी व दो बच्चों को बिलखता छोड़ गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान प्रदान कर शोकाकुल परिजन को दुःख सहने की शक्ति दें। हम दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।
महाराष्ट्र से भटककर आया था बाघ
ज्ञात रहे कि उक्त बाघ सीमावर्ती राज्य महाराष्ट्र के रिजर्व फारेस्ट से भटककर झिरन्या क्षेत्र में आ गया था। झिरन्या भाजपा मंडल अध्यक्ष ममराज पंवार ने कहा श्री भास्करे जुझारू व सक्रिय कार्यकर्ता होकर गवला बूथ समिति अध्यक्ष के रूप में संगठन को सेवाएं प्रदान कर रहे थे।
Comments
Post a Comment