महिलाओं को 1 हजार रुपये प्रतिमाह देने वाली योजना का हुआ शुभारंभ

      खरगोन में 25 से लगाएंगे शिविर, पहले समस्याओं का                        निराकरण जरूरी- कलेक्टर वर्मा

खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर रविवार को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का शुभारम्भ कर दिया है। इस योजना में पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1-1 हजार रुपये प्रदान किये जायेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के जम्बूरी मैदान पर आयोजित हुआ। यहाँ उन्होंने कविता मस्तेरिया का फार्म अपने हाथों से भरकर दिखाया। मुख्यमंत्री चौहान ने फार्म की एक एक जानकारी कविता से पूछकर भरी। इस कार्यक्रम को प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड में देखा सुना गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शहर के विश्वसखा कॉलोनी के शिव वाटिका में आयोजित हुआ। यहाँ कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि जिले में 25 मार्च से गांव-गांव और वार्डाे में शिविरों का आयोजन किया जावेगा। शिविरों में ज्यादा भीड़ न लगे इसके लिए दो या दो से अधिक दिनों तक भी आवेदन भरे जाएंगे। जिला प्रशासन की चिंता ऐसी महिलाओं की है जिनके समग्र या तो बने नहीं या कोई त्रुटि या आधार की भी यही स्थिति है। इसलिए पहले सर्वे के माध्यम से आधार और समग्र का डेटा सुधारने का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 20 मार्च तक पूर्ण होगा। कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री बालकृष्ण पाटीदार, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, रंजीत डंडीर, राजेन्द्र राठौर, परसराम चौहान, एसडीएम ओएन सिंह, महिला बाल विकास की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा, नगर पालिका सीएमओ श्रीमती प्रियंका पटेल व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

       जिले की 3 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना

कलेक्टर वर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि फार्म ही पूर्ण योजना है फार्म के साथ महिला को स्व घोषणाएं करनी होगी जैसे वो आयकर दाता नहीं है, उसके परिवार की 5 एकड़ से अधिक भूमि नहीं है, वो किसी निगम, मंडल, शासकीय उपक्रम में सेवारत तो नहीं, वो किसी वार्ड, या निकाय में सदस्य या अध्यक्ष तो नहीं इस तरह की 8 घोषणाएं करना होगी। योजना के साथ किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। सिर्फ बैंक खाते में नाम, व अन्य जानकारियां ठीक होनी चाहिए।

पात्र महिलाओं को ये करनी होगी स्वघोषणाएं

मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म में संबंधित पात्र महिलाओं को 8 प्रकार की स्व घोषणाएं करनी होगी। इन घोषणाओं में महिलाओं को मेरे परिवार की सम्मिलित रूप से वार्षिक आय 2.50 लाख रूपये से कम है। मैं स्वयं या मेरे परिवार का कोई भी सदस्य करदाता नहीं है। मैं स्वयं या मेरे परिवार का कोई भी सदस्य केन्द्र व राज्य सरकार के शासकीय विभाग, मंडल, उपक्रम, स्थानीय निकाय में नियमित, संविदा कर्मी के रूप में नियोजित नहीं है अथवा सेवानिवृत्ति के पश्चात पेंशन प्राप्त नहीं कर रहे हैं। मेरे स्वयं या मेरे परिवार के किसी भी सदस्य के नाम से चार पहिया वाहन अथवा ट्रेक्टर नहीं है। मेरे परिवार के पास सम्मिलित रूप से 5 एकड़ से अधिक भूमि नहीं है। मुझे भारत सरकार और राज्य सरकार की किसी योजना में प्रतिमाह 1 हजार रूपये या अधिक राशि प्राप्त नहीं हो रही है। मैं स्वयं या मेरे परिवार में कोई सदस्य निर्वाचित एवं मनोनित जनप्रतिनिधि (पंचायत के वार्ड पंच या उप सरपंच को छोड़कर) नहीं है। मैं स्वयं या मेरे परिवार में कोई सदस्य भारत सरकार, राज्य सरकार द्वारा चयनित, मनोनित, बोर्ड, निगम, मंडल, उपक्रम के अध्यक्ष व संचालक सदस्य नहीं है। इस तरह की स्व घोषणाएं पात्र महिलाओं को करनी होगी। इसके अतिरिक्त महिलाओं को योजना में किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।

      कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने निमाड़ी नृत्य व गीत संगीत पर थिरक कर योजना का स्वागत भी किया। पार्षद बेबी मंडलोई ने आओ, आओ, आओ मेरी प्यारी बहना, झूम के आयी मंगल घड़ियां गीत भी सुनाया। कार्यक्रम से पूर्व कलेक्टर वर्मा व अन्य जनप्रतिनिधियों ने वाटिका में पौधारोपण भी किया। कलेक्टर वर्मा ने यहाँ त्रिवेणी लगाई।


Comments