मप्र में यूरिया-डीएपी की कमी नहीं होने देंगे- दर्शनसिंह चौधरी

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारवार्ता में किया आश्वस्त, कालाबाजारियों को भेजेंगे जेल




खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उर्वरकों की निरंतर खरीदी कर रही है। प्रदेश में कही भी यूरिया-डीएपी की कमी व कालाबाजारी नहीं होने देंगे। अगर कही समस्या है तो अगले दो-तीन दिन में सब व्यवस्थित हो जाएगा। नकली खाद बेचने वालों के लाइसेंस रद्द कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। कालाबाजारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

यह बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने खरगोन जिला कार्यालय पर पत्रकारवार्ता में कही। इस दौरान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री पुरुषोत्तम शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार, पूर्व मीडिया प्रभारी मोहन जायसवाल, मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश गुर्जर, जिला महामंत्री डॉ. देवेंद्र पाटीदार, संतोष चौहान उपस्थित थे। श्री चौधरी ने कहा खरगोन जिला कपास, गेहूं, मिर्च उत्पादन में प्रदेश में अग्रणी है। यहां खेती में नवाचार होते आया है। प्रदेश सरकार ने खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए अनेक कार्य किए हैं। समर्थन मूल्य पर कृषि उपज का उर्पाजन होता है। किसान सम्मान निधि एक दिवा स्वप्न थी। अब किसानों को इस रूप में स्थायी आय हो रही है। खेत व गांव की बिजली अलग करने से गांव को 24 घंटे व किसानों को पर्याप्त बिजली मिली रही है। श्री चौधरी ने कहा खरगोन, बिस्टान सहित प्रदेश की 12 अधूरी उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। चरणबद्ध रूप से प्रत्येक जिले को कृषि व चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात दी जाएगी। किसान मोर्चा भूमि सुपोषण व गो आधारित प्राकृतिक खेती के लिए प्रतिबद्ध होकर किसानों को जागरूक कर रहा है। आत्मनिर्भर भारत के लिए किसानों का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। प्रदेश की 170 विधानसभा सीटें जो ग्रामीण क्षेत्र से आती हैं, उनमें किसान मोर्चा भाजपा का विजयश्री दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कांग्रेस के कर्जमाफी के मुद्दे को थोथी घोषणा बताते हुए श्री चौधरी ने कहा प्रदेश के भोले-भाले किसान कांग्रेस के झांसे में आकर छले गए। भाजपा सरकार किसानों को समृद्ध बनाने में लगी है। फसलों को लाभकारी मूल्य मिले व लागत घटे ताकि किसानों को कर्ज लेना ही न पड़े। राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही यात्रा पर श्री चौधरी ने कहा राहुल पहले यह बताए कि देश को कब और किसने तोड़ा।

“ग्राम चौपाल पर करें प्राकृतिक खेती की चर्चा” 

- किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने जिला बैठक में दिया मार्गदर्शन

खरगोन। भाजपा किसान मोर्चा मंडल व जिला पदाधिकारियों को भूमि सुपोषण व गो आधारित प्राकृतिक खेती के लिए प्रशिक्षण देगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 500 किसानों को जैविक खेती के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षित कार्यकर्ता ग्राम चौपालों में प्राकृतिक खेती व सरकार की योजनाओं पर चर्चा कर किसानों को जागरूक करें।

यह बात भाजपा किसान मोर्चा की जिला कार्यसमिति बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया श्री चौधरी ने उपस्थित कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को आत्मनिर्भर भारत के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने व गोपालन का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा हमें सरकार की प्रत्येक योजना व कार्य की जानकारी होना चाहिए। प्रदेश में सिंचाई का क्षेत्र 65 लाख हेक्टेयर करने की योजना पर कार्य चल रहा है। खाद की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री व कृषि मंत्री के साथ चर्चा की है। बैठक के प्रारंभ में मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेश गुर्जर ने स्वागत भाषण दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने कहा किसान को आत्मनिर्भर होने के लिए गो आधारित खेती की ओर अग्रसर होना पड़ेगा। रासायनिक उर्वरकों ने किसानों को कर्जदार बनाया है। आत्मनिर्भर होने पर किसान कर्ज लेने वाला नहीं, कर्ज देने वाला बन जाएगा। प्रदेश महामंत्री पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा हमारे हमारे पूर्वज गो आधारित जैविक खेती करते आए हैं। रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से 50 हार्सपावर का टै्रक्टर भी भूमि को जोतते समय धुआं फेंकने लगता है। कैंसर व टीबी जैसी बीमारियां मानव जीवन के लिए खतरा बन गई हैं। हमें जैविक खेती की ओर बढ़ना होगा। प्रदेश अध्यक्ष श्री चौधरी इसके लिए प्रयासरत है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राजपूत ने कहा खरगोन जिले में 50 हजार किसान ऐसे हैं जो गो आधारित खेती के लिए कार्य कर रहे हैं। हमने प्रत्येक गांव में पांच-पांच किसानों की समिति बनाई है। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 किसान को जैविक खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र तंवर, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह यादव मंचासीन थे। संचालन मोर्चा जिला महामंत्री डॉ. देवेंद्र पाटीदार ने किया व आभार संतोष चौहान ने माना।

Comments