खरगोन में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में
कर्फ्यू में 4 घंटे की दी गई ढील
संभागायुक्त डॉ पवन कुमार शर्मा और आईजी श्री राकेश गुप्ता ने शहर का भ्रमण कर स्थिति का लिया जायजा
प्रभावितो से भी मिले-नुकसानी के सर्वे कार्य का निरीक्षण भी किया
खरगोन। जिले में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। शहर में आज कर्फ्यू में दो अलग-अलग समय पर कुल 4 घंटे की ढील दी गई। इस दौरान स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। छूट के दौरान लोगों ने अपनी जरूरतों की सामग्री की खरीदारी की। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा एवं आईजी श्री राकेश गुप्ता खरगोन में ही रहकर स्थिति पर पूरी तरह नजर रखे हुए हैं। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि आज कर्फ्यू में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 3 से शाम को 5 बजे तक की छूट दी गई । छूट के दौरान स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य रहने पर कल रविवार को छूट की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कलेक्टर सुश्री अनुग्रहा पी. तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसानी कार्य के सर्वे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात की और नुकसानी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सर्वे कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वह नुकसानी का वास्तविक आंकलन करें। कोई भी प्रभावित सर्वे से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बताया कि सर्वे कार्य के लिए राजस्व और अन्य विभागों के अमले को जवाबदारी दी गई है। वह मौके पर पहुंचकर सर्वे का कार्य कर रहे हैं। अगर किसी को समस्या है तो वह तहसीलदार श्री योगेंद्र सिंह मौर्य के मोबाइल नंबर 9425344101 पर संपर्क कर सकते हैं।
सर्वे में पायल और ज्वेलरी को भी किया शामिल
शनिवार तक 122 दुकान मकान वाहन ठेला और घायलों का की बनी सूची
खरगोन। रामनवमी के दौरान शहर में हुए घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन शांति व्यवस्था बनाने में कामयाब हो रहा है। इसी के साथ प्रशासन अब उन लोगो तक पहुँच गया है। जिन्हें उपद्रव में आर्थिक क्षति हुई है। 16 अप्रैल तक कुल 122 दुकानों मकानों, वाहनों और हाथ ठेला सहित घायलों का डेटा संग्रहित किया गया है। प्रशासन ने आर्थिक हुई क्षति के प्रकरण आंशिक, पूर्ण और सम्पूर्ण श्रेणी में किया है। साथ ही इसमे ही 50 घायलों को भी शामिल किया है। तहसीलदार श्री योगेंद्र मौर्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में 50 व्यक्ति है। हालाँकि यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। आंशिक रूप से 4 दुकानें और 7 सम्पूर्ण, 70 आंशिक और 10 सम्पूर्ण मकान, 6 सम्पूर्ण चार पहिया और 1 तीन पहिया वाहन, 22 सम्पूर्ण दो पहिया वाहन और 2 हाथ ठेला पूरी तरह नष्ट हुए है। इस तरह 74 आंशिक और 48 सम्पूर्ण नुकसानी का अब तक का आंकलन किया गया है।
पिछले 3 दिनों शहर में हुए नुकसानी के लिए कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी, नपा और राजस्व विभाग के अमले को साथ लेकर सर्वे किया है। इससे पहले दोनों विभागों के अमले ने भी सर्वे किया था। तहसीलदार श्री मौर्य ने बताया कि नुकसानी की क्षति के लिए पूर्ण सर्वे के बाद शासन को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। अब तक प्राप्त डेटा के आधार पर अनुमानित आंकलन किया है। आंकलन में घरेलू सामग्री के अलावा टीवी, दो पहिया वाहन, चार पहिया वाहन तथा तीन पहिया वाहन, ठेला, खिड़कियां दरवाजे और यहां तक कि पायल, सोने के आभूषण कूलर, पानी की मोटर आदि की अनुमानित राशि का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
कहॉ कितने जले मकान और दुकान
उपद्रव के दौरान अब तक हुए सर्वे में संजय नगर में 2 मकान पूर्ण, 01 मकान सम्पूर्ण, 01 दूकान पूर्ण और 01 दुकान संपूर्ण, काजीपुरा में 3 मकान पूर्ण, और आनंदनगर में 1 दो पहिया वाहन पूरी तरह नष्ट हुआ है। इसके अलावा 2 चार पहिया वाहन भावसार मोहल्ला में, भाटवाड़ी में 2 पूर्ण और 2 सम्पूर्ण मकान, 1 किराना दुकान पूर्ण और 3 दो पहिया वाहन पूर्ण में तथा तवड़ी चौक में 1 कच्चा मकान, 2 हाथ ठेला और 1 दो पहिया वाहन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। विठ्ठल मंदिर क्षेत्र में 1 दो पहिया वाहन, पहाड़सिंह पूरा में 1 दुकान, रामेश्वर टॉकीज क्षेत्र में 1 दो पहिया वाहन और सराफा बाजार क्षेत्र में 1 दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए है। एसडीएम श्री मिलिंद ढोके नंे बताया कि यह सर्वे अंतिम रूप से नहीं है। अमला कहीं नहीं पहुँच पाया है तो छुटे हुए प्रभावितों को भी शामिल किया जाएगा। सर्वे की कार्यवाही अभी भी प्रारम्भ है। पूरा आंकलन करने के बाद शासन को राशि प्रदान करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
सावन का निजी अस्पताल में उपचार हुआ प्रारम्भ, रेडक्रोस सोसायटी से 10 हजार रुपये की दी सहायता
खरगोन। रामनवमी के दौरान शहर में हुए उपद्रव में आनंदनगर के सावन गांगले की पीठ पर चोट लगने से घाव हो गए थे। गत दिवस कलेक्टर जब आनंदनगर सर्वे के लिए पहुँची तो उनकी पीठ पर लगे घावों को देखकर कलेक्टर ने शीघ्र शासकीय सहायता देकर निजी अस्पताल में उपचार करने का आश्वाशन दिया था। शनिवार को मेडिकल की टीम ने पिता मुकेश गांगले से संपर्क कर निजी अस्पताल विजयलक्ष्मी पहुँचाया। सावन का यहाँ उपचार और देखरेख प्रारम्भ हो गई है। इसके अलावा शनिवार को ही अपर कलेक्टर श्री एसएस मुजाल्दा ने सावन के पिता को 10 हजार रुपये का चेक उपचार से पहले ही निजी अस्पताल में प्रदान किया।
Comments
Post a Comment