मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार के चौथे कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर पत्रकारवार्ता

 


खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार सर्वहारा वर्ग के चहुंमुखी विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। कोरोना काल की त्रासदी के बावजूद देश में नंबर-1 बनकर मध्यप्रदेश उभरा है। आज मध्यप्रदेश अर्थव्यवस्था के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। चाहे किसान हो, युवा हो, बेटियां हो, बुजुर्ग हो सभी के लिए भाजपा सरकार ने चिंतन करते हुए कल्याणकारी योजनाओं की एक लंबी श्रृंखला खड़ी की है। 

यह बात पूर्व राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने मध्यप्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कही। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार व जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में पत्रकारवार्ता रखी गई। वक्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार के चौथे कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर सरकार के कार्य, पूर्ववर्ती कांग्रेस की कमलनाथ सरकार की वादाखिलाफी तथा कोरोना काल में भाजपा संगठन द्वारा किए सेवा कार्यों पर विस्तार से विषय रखा। जिला कार्यालय पर हुई पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परसराम चौहान, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण इंगले, जिला कार्यालय मंत्री मोहन राठौड़, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष पाटीदार, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी मामराज सैनी मंचासीन थे। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री श्री पाटीदार ने कहा कोरोना के भीषण संकट के बीच में हमारी सरकार बनी थी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में सरकार और संगठन ने हर स्तर पर मानवता को बचाने का काम किया और विकास भी अवरुद्ध नहीं होने दिया। समाज का ऐसा कोई वर्ग, ऐसा कोई अंग नहीं है, जिसके सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा सरकार ने कोई ठोस प्रयास नहीं किए हो। पिछले तीन कार्यकालों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश अब विकसित प्रदेशों की बराबरी पर खड़ा है। वर्ष 2003 तक रही दिग्विजयसिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को जिस हालत में लाकर छोड़ा था उस स्थिति में यह कल्पना करना भी मुश्किल लगता था कि हमारा प्रदेश भी कभी विकसित प्रदेश बन पाएगा। इसी तरह कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने भी जिस प्रकार 15 महीनों तक भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति की उससे भी प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ गया था। 15 महीने में कमलनाथ सरकार ने संबल, मुख्यमंत्री कन्यादान, तीर्थ दर्शन जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर गरीबों के साथ जो अन्याय किया था उसे कोई नहीं भूल सकता। श्री पाटीदार ने आश्वस्त किया कि प्रदेश में अक्षय तृतीया से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना पुनः प्रारंभ होगी। प्रदेश के 88 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का छह हजार 400 करोड रुपए का बिजली बिल माफ किया गया है। श्री पाटीदार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर कहा सकल घरेलू उत्पाद निरंतर बढ़ रहा है। वर्तमान प्रचलित दरों पर 17.74 प्रतिशत विकास दर हासिल करने में हम सफल हुए हैं, जो देश में सर्वाधिक है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर एक लाख 24 हजार रुपए प्रति वर्ष से भी अधिक हो गई है। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सुकन्या समृद्धि योजना के क्रियान्वयन व मनरेगा से रोजगार उपलब्ध कराने में मध्यप्रदेश नंबर वन पर है। श्री पाटीदार ने पिछड़ा वर्ग आरक्षण, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग, स्वरोजगार, किसान कल्याण, गरीब कल्याण, कानून व्यवस्था, अधोसरंचना विकास पर जानकारी दी। 

वेक्सीनेशन से दी कोरोना को मात

राज्य मंत्री श्री पाटीदार ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना महामारी पर नियंत्रण पाया गया। मोदी जी की दृढ़ इच्छा शक्ति के परिणाम स्वरूप ही स्वदेशी वैक्सीन बनाकर विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज जी के नेतृत्व में प्रदेश को कोरोना मुक्त किया गया। प्रदेश के विकास को गति देते हुए बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए। खरगोन जिले में उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं की सौगात दी गई।

Comments