केंद्रीय बजट में सबका साथ, सबका विकास का प्रावधान - भगतसिंह कुशवाह

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारवार्ता में रखे विचार




खरगोन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पारित देश का वार्षिक बजट सबका साथ, सबका विकास का लक्ष्य पूर्ण करने में मिल का पत्थर साबित होगा। केंद्रीय बजट में मुख्य रूप से आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप दिखाई देता है। वर्ष 2021-22 के पारित केंद्रीय बजट में मध्यप्रदेश की विभिन्न योजनाओं के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। 

यह बात भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगतसिंह कुशवाह ने पत्रकारों से चर्चा में कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया गुरुवार को जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर की विशेष उपस्थिति में हुई पत्रकारवार्ता में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाह ने केंद्रीय बजट के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा बजट के छह प्रमुख स्तंभ है। जिनमें स्वास्थ्य और कल्याण, भौतिक और वित्तिय पूंजी एवं अवसंरचना, आकांक्षी भारत के लिए समावेशी विकास, मानव पूंजी में नवजीवन का संचार करना, नवप्रवर्तन और अनुसंधान एवं विकास तथा न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन। श्री कुशवाह ने कहा बजट में टैक्स स्लेब में कोई भी बदलाव नहीं किया गया। रेलवे के लिए बजट में रिकॉर्ड एक लाख 10 हजार 55 करोड़ रुपए तथा सड़क परिवहन मंत्रालय के लिए एक लाख 18 हजार 11 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के लिए बजट में दो लाख 23 हजार 846 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। कोरोना वैक्सिन के लिए 35 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम में 2025-26 तक 35 हजार 219 करोड़ रुपए का आवंटन किया जाएगा। बजट आने के बाद सेंसेक्स 2020 अंकों की बढ़त के साथ 48306.59 पर कारोबार कर रहा है। बजट में किसान, गरीब, बीमा क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्राक्चर, रेलवे, मेट्रो के लिए बड़े प्रावधान किए हैं। पत्रकारवार्ता में जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने कहा केंद्र में मोदी सरकार व प्रदेश में शिवराज सरकार सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए कार्यरत है। भाजपा सरकारें विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कोरोना काल के बावजूद केंद्रीय बजट में टैक्स स्लेब में कोई बदलाव न होना राहत की बात है। आजादी की 75वीं वर्षगांठ को देखते हुए 75 साल से ज्यादा उम्र वाले पेंशनर्स को इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की छूट दी गई है। पेंशन से कमाई पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वन नेशन वन राशन कार्ड को 32 राज्यों में लागू किया जाएगा। 86 प्रतिशत लोगों को इसमें कवर किया जा चुका है। उज्ज्वला योजना का फायदा एक करोड़ और महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा। 2021-22 में एग्रीकल्चर क्रेडिट टारगेट 16.5 लाख करोड़ रुपए का है। ऑपरेशन ग्रीन स्कीम में जल्द खराब होने वाली 22 फसलों को शामिल किया गया है। पत्रकारवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष परसराम चौहान, पूर्व नपाध्यक्ष विपिन गौर, माशिमं के पूर्व उपाध्यक्ष भागीरथ कुमरावत, वरिष्ठ नेता दयालु पटवा, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी मोहन जायसवाल मंचासीन थे। संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने किया व आभार पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष सदाशिव कुशवाह ने माना।  

बजट में मप्र के लिए विशेष प्रावधान

श्री कुशवाह ने बताया मप्र के लिए केंद्रीय बजट में भूतल परिवहन मंत्रालय 43 हजार 964 करोड़ रुपए, रेल मंत्रालय 35 हजार 519 करोड़ रुपए, जलशक्ति मंत्रालय 35 हजार 580 करोड़ रुपए, विद्युत मंत्रालय 401 करोड़ रुपए, मानव विकास मंत्रालय एक हजार 28 करोड़ रुपए, शहरी विकास मंत्रालय एक हजार 150 करोड़ रुपए, ग्रामीण विकास मंत्रालय एक हजार 800 करोड़ रुपए तथा कौशल विकास मंत्रालय के लिए 110 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान किया है।  

साफा पहनाकर किया स्वागत

लगातार दूसरी बार भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर भगतसिंह कुशवाह का खरगोन जिला कार्यालय पर कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। आतिशबाजी व मार्ल्यापण के साथ साफा पहनाकर स्वागत किया गया। श्री कुशवाह ने कहा पार्टी संगठन ने उनपर पुनः विश्वास जताया है, जिसपर वे खरे उतरने का प्रयास करेंगे। शासन की योजनाओं के माध्यम से पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे।

Comments