मप्र व बिहार में भाजपा प्रत्याशियों की जीत पर मिठाई बांटकर की भव्य आतिशबाजी
जनता के विश्वास पर खरी उतरी भाजपा - जिलाध्यक्ष राठौर
खरगोन। मध्य प्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार के चुनाव परिणामों ने दीपावली पूर्व ही उत्सव का वातावरण निर्मित कर दिया है। तीनों राज्यों में भाजपा प्रत्याशियों की विजय पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में हर्ष व्याप्त है। मंगलवार शाम भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर मिठाई बांटकर व आतिशबाजी कर मतदाताओं का आभार जताया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के उपचुनाव तथा बिहार राज्य के विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा प्रत्याशियों को बड़ी सफलता मिली है। उत्तरप्रदेश में आठ सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मंगलवार सुबह से ही उक्त चुनाव परिणामों पर नजर गड़ाए हुए थे। दोपहर तक स्थिति स्पष्ट होने के बाद वे भाजपा जिला कार्यालय पर एकत्रित होने लगे। जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर के नेतृत्व मिठाई बांटकर व भव्य आतिशबाजी कर भाजपा प्रत्याशियों की जीत पर हर्ष जताया गया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल महाजन, रणजीतसिंह डंडीर, परसराम चौहान, जिला मंत्री रंगा डावर, राजेश रावत, कार्यालय प्रभारी मोहन राठौर, पूर्व नपाध्यक्ष विपिन गौर, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राकेश आलीवाल, रणजीत रघुवंशी, प्रभा राठौड़ विजय जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने हर्ष जताकर मतदाताओं द्वारा भाजपा पर जताए विश्वास की विजय बताया। जिलाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा मतदाताओं ने कांग्रेस सहित अन्य दलों द्वारा दिए विभिन्न प्रलोभनों को ठुकराते हुए मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार व उत्तरप्रदेश में योगी सरकार को मजबूती प्रदान की है। जबकि बिहार में एनडीए सरकार पर पुनः भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में भाजपा सरकारें जन विश्वास पर खरी उतरी है। भाजपा प्रत्याशियों की जीत का श्रेय देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम व जनता के विश्वास को जाता है।
Comments
Post a Comment