बिना मास्क वाले व्यक्ति को न कराएं वाहनों में सफर
खरगोन। गत रविवार को स्वामी विवेकानंद सभागृह में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समुह की बैठक में विभिन्न निर्णय लिए गए थे। इन निर्णयों में बसों में बिना मास्क के यात्री पाए जाने पर बस मालिक पर 1 हजार और यात्री को 100 रूपए का जुर्माना देना होगा। वहीं छोटे वाहनों पर बिना मास्क के यात्री पाए जाने पर वाहन संचालक पर 500 रूपए का जुर्माना होगा। आरटीओ श्रीमती बरखा गौड़ ने वाहन संचालकों के लिए आदेश जारी कर बताया कि कोविड-19 को देखते हुए बिना मास्क वाले यात्रियों को वाहनों में सफर न करवाएं। जो व्यक्ति मास्क पहने उसकों को ही बस में सफर कराया जाएं।
लंबे अंतराल के बाद सोमवार को हुई सबसे ज्यादा कपास की आवक
खरगोन। स्थानीय कपास मंडी में लंबे अंतराल के बाद सबसे ज्यादा कपास की आवक हुई है। सोमवार को कपास के 1600 वाहन और 400 बैलगाड़ी नीलामी के लिए आई। खरगोन मंडी सचिव रामवीर किरार ने बताया कि सोमवार को कपास का अधिकतम भाव 5725, न्यूनतम भाव 4000 व औसत भाव 4800 रहा। इसके अलावा खरगोन अनाज मंडी में गेहूं का अधिकतम भाव 1665, न्यूनतम भाव 1540 व औसत भाव 1570 रहा। वहीं मक्का का अधिकतम भाव 1403, न्यूनतम भाव 1255 व औसत भाव 1340 तथा सोयाबीन का अधिकतम भाव 4356, न्यूनतम भाव 3925 एवं औसत भाव 4150 रहा।
क्रेडिट कैंप में 118 समुहों को 133.90 रूपए का ऋण किया वितरण
खरगोन। जिला पंचायत के सभाकक्ष में स्व सहायता समुह के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा स्व सहायता समुहों की महिलाओं से सीधा संवाद भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान 9 विकासखंडों के 118 समुहों को 133.90 रूपए का ऋण वितरण किया गया। इस अवसर पर लीड बैंक मैनेजर संदीप मुरूड़कर, जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती सीमा निगवाल सहित एनआरएलएल के समस्त जिला एवं विकासखंड के अधिकारी उपस्थित रहे।
महिला दुग्ध उत्पादक संस्था के नवीन एवं बल्क मिल्क कुलर हुआ शुभारंभ
खरगोन। महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित पंधान्या में संस्था के नवीन एवं बल्क मिल्क कुलर का शुभारंभ हुआ। इस दौरान वर्ष 2018-19 का संस्था बोनस एवं वर्ष 2015-16 का संघ बोनस कुल राशि 263144 रूपए का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री रवि जोशी, सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित इंदौर के अध्यक्ष मोतीसिंह पटेल एवं सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित इंदौर के के संचालक महेंद्र चौधरी थे।
Comments
Post a Comment