5 दिनों तक अनाज व कपास मंडी में नीलामी कार्य रहेगा बंद

खरगोन। शुक्रवार 13 नवंबर से मंगलवार 17 नवंबर 5 दिनों तक अनाज एवं कपास दोनों मंडियों में नीलामी कार्य बंद रहेगा। खरगोन मंडी सचिव रामवीर किरार ने बताया कि दीपावली पर्व होने से अनाज एवं कपास के व्यापारियों द्वारा आवेदन पत्र प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व होने से 5 दिनों तक दोनों मंडियों में नीलामी कार्य में हिस्सा नहीं लेंगे। मंडी सचिव किरार ने किसानों से आग्रह किया है कि 13 से 17 नवंबर 5 दिनों तक किसान अपनी उपज विक्रय के लिए मंडियों में न लाएं।


बुधवार को 522 वाहन व 195 बैलगाड़ी आई नीलामी के लिए


खरगोन। बुधवार को स्थानीय कपास मंडी में 522 वाहन और 195 बैलगाड़ी कपास की नीलामी के लिए आई। खरगोन मंडी सचिव रामवीर किरार ने बताया कि बुधवार को कपास का अधिकतम भाव 5725, न्यूनतम भाव 3500 व औसत भाव 4650 रहा। इसके अलावा खरगोन अनाज मंडी में गेहूं का अधिकतम भाव 1925, न्यूनतम भाव 1575 व औसत भाव 1630 रहा। वहीं ज्वार का अधिकतम, न्यूनतम व औसत भाव क्रमशः 1365-1365 रहा। जबकि मक्का का अधिकतम भाव 1371, न्यूनतम भाव 1285 व औसत भाव 1320 तथा सोयाबीन का अधिकतम भाव 4377, न्यूनतम भाव 3456 एवं औसत भाव 4130 रहा।


राजस्व अधिकारी करने लगे है पटाखा दुकानों का निरीक्षण


खरगोन। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा द्वारा समस्त कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों को चीनी एवं अन्य विदेशी पटाखों के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रतिबंध संबंधी निर्देश जारी किए गए थे। इसी तरह मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा भी समस्त कलेक्टर्स को पटाखों से होने वाली दुर्घटना व प्रदूषण के संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। इस सिलसिले में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों को अस्थाई पटाखा लाईसेंसधारी और लगाई जा रही दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए थे कि गृह व प्रदूषण विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन कराने की दिशा में निरंतर मौका निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं देखे। इसी के अंतर्गत बुधवार को जिले की गोगावां, खरगोन, मंडलेश्वर, सनावद, भीकनगांव व करही तहसीलों में राजस्व अधिकारियों द्वारा मौका निरीक्षण किया गया।


Comments