सीसीआई ने शुक्रवार को खरीदा 3 हजार 220 क्विंटल कपास
खरगोन। सीसीआई द्वारा शुक्रवार को जिले की 5 कपास मंडियों से 3 हजार 220 क्विंटल कपास खरीदा। खरगोन मंडी सचिव रामवीर किरार ने बताया कि सीसीआई द्वारा खरगोन में 2 हजार क्विंटल कपास की खरीदी की। जबकि भीकनगांव में 670 क्विंटल, बड़वाह में 200 क्विंटल, कसरावद में 250 क्विंटल एवं सनावद में 100 क्विंटल कपास खरीदा। मंडी सचिव किरार ने बताया कि शुक्रवार को खरगोन कपास मंडी में कुल 625 वाहन व 178 बैलगाड़ी नीलामी के लिए आई। इस दौरान साढ़े 7 हजार क्विंटल कपास की आवक हुई। शुक्रवार को कपास का अधिकतम भाव 5725 रहा। जबकि न्यूनतम भाव 3800 व औसत भाव 4750 रहा। शुक्रवार को गेहूं का अधिकतम भाव 1890, न्यूनतम भाव 1550 व औसत भाव 1640 रहा। वहीं ज्वार का अधिकतम भाव 1101, न्यूनतम भाव 1050 व औसत भाव 1050 रहा। इसके अलावा मक्का का अधिकतम भाव 1201, न्यूनतम भाव 930 व औसत भाव 1025 तथा सोयाबीन का अधिकतम भाव 4300, न्यूनतम भाव 3600 व औसत भाव 3801 रहा।
4 दिनों तक दोनों मंडियों में नीलामी कार्य रहेगा बंद
खरगोन। आज शनिवार से 4 दिनों तक अनाज व कपास मंडी में नीलामी कार्य बंद रहेगा। मंडी सचिव रामवीर किरार ने बताया कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व होने से अनाज एवं कपास व्यापारियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 24 से 27 अक्टूबर तक अनाज एवं कपास मंडी में नीलामी कार्य में भाग नहीं लिया जाएगा। इसलिए 4 दिनों तक दोनों मंडियों में नीलामी कार्य बंद रहेगा। मंडी सचिव किरार ने बताया कि छुट्टी दिनों के अपनी उपज विक्रय के लिए न लाएं।
संयुक्त राष्ट्र दिवस समारोह आज
खरगोन। प्रदेश में विगत वर्षो की भांति इस वर्ष भी संयुक्त राष्ट्र दिवस समारोह 24 अक्टूबर को मनाया जाएगा। मप्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि जिला मुख्यालयों पर जहां संयुक्त राष्ट्र संघ का ध्वज उपलब्ध हो, राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र संघ का ध्वज महत्वपूर्ण सरकारी भवनों पर फहराया जा सकेगा। भारतीय झंडा संहिता 2002 के अनुसार जब संयुक्त राष्ट्र संघ का झंडा राष्ट्रीय झंडे के साथ फहराया जाता है, तो वह राष्ट्रीय झंडे के किसी भी ओर लगाया जा सकता है।
26 अक्टूबर को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
खरगोन। राज्य शासन ने 26 अक्टूबर सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. श्रीनिवास शर्मा ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए है।
18 परीक्षाओं के परिणाम हुए घोषित
खरगोन। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से गत गुरूवार को 18 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए है। इन परीक्षाओं में बीएससी प्रायवेट के प्रथम व द्वितीय वर्ष, एमए के 12 परीक्षा सहित अन्य 4 परीक्षाओं के परिणाम शामिल है। पात्र अभ्यर्थी देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की वेबसाईट पर अपना परीक्षा परिणाम देस सकते है।
सेवानिवृत्ति के संबंध में जानकारी भेजने के दिए निर्देश
खरगोन। उच्च शिक्षा विभाग की विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. पूर्णिमा लोदवाल ने समस्त अशासकीय अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा अगले 3 वर्षों में सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारी व कर्मचारियों की जानकारी 3 दिवस में भेजना सुनिश्चित करें, ताकि सामान्य प्रशासन विभाग को समयसीमा में अवगत करा सके।
Comments
Post a Comment