दुष्कर्म के अज्ञात आरोपियों पर 10 हजार रूपए का इनाम घोषित

खरगोन। चैनपुर थाना क्षेत्र में गत दिवस 16 वर्षीय बालिका के साथ अज्ञात आरोपियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने पर मामला दर्ज किया गया है। चैनपुर थाने में धारा 363, 366-ए, 376-डी, 342, 323, 506 भादवि एवं 3/4, 5जी/6 लैंगिग अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दुष्कर्म किए जाने संबंधी रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया है। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ में लगी हुई है। पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्रसिंह चौहान ने पुलिस रेग्यूलेशन 80ए में निहित प्रावधानों के तहत अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए यह घोषणा की है। आरोपियों को बंदी बनवाने या उसके द्वारा बंदीकरण की सख्ती का विरोध किए जाने पर विधि संगत आवश्यक बल प्रयोग कर बंदी बनाने के लिए सही सूचना देगा या बंदी करवाएगा, उसे यह पुरस्कार पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया जाएगा। ज्ञात हो कि चैनपुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय पीड़िता के साथ 3 अज्ञात आरोपियों ने दुष्कर्म किया है। उसके बाद से पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी की जा रही है। उन्हीं आरोपियों पर 10 हजार रूपए का इनाम घोषित किया है।


न्यायालय परिसर में आयोजित किया शिविर


खरगोन। गांधी जयंति के उपलक्ष्य में गुरूवार को न्यायालय परिसर खरगोन में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए एडीजे श्री सुभाष सोलंकी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय अंहिसा दिवस शिक्षा और जन जागरूकता के द्वारा अंहिसा के संदेश को प्रसारित करने का एक अवसर है। इस अवसर पर मध्यस्थता द्वारा मामलों का निराकरण किया जाना चाहिए। क्योंकि मध्यस्थता द्वारा विवादों का निराकरण गांधीजी की अवधारणा के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष में आदिकाल से ही विभिन्न विवादों के निराकरण में मध्यस्थता पद्धति का अपना उल्लेखनीय योगदान रहा है। शिविर में एडीजे श्रीमती गीता सोलंकी, श्री सैफी दाउदी, श्री दारासिंह मंडलोई, सीजेएम आशीष दवंडे, व्यवहार न्यायाधीश श्रीमती आरती ढ़ींगरा, श्रीमती प्रियंका चौहान, श्री राजूसिंह डावर, श्री अभिषेक कुमार त्रिपाठी सहित समस्त न्यायालय के कर्मचारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।


शांति समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों से हुई स्थगित


खरगोन। नवरात्रि, दशहरा, मिलाद उन नबी, दीपावली, गुरूनानक जयंति और क्रिसमस आदि त्यौहारों को लेकर गुरूवार को आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो चुकी है। अब यह बैठक 7 अक्टूबर को शाम 4 बजे से स्वामी विवेकानंद सभागृह में संपन्न होगी।


Comments