मुख्यमंत्री किसान कल्याण की प्रथम किश्त किसानों के खातें में

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की राशि



खरगोन 26 सितंबर 2020। मप्र शासन इन दिनों गरीब कल्याण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। 16 सितंबर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को राशि प्रदान की गई। इसी के अंतर्गत शनिवार को भी मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भोपाल के मिंटो हाल से प्रदेश के किसानों के साथ वेबकास्ट के माध्यम से जुड़ते हुए संवाद कर संबोधित भी किया। कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से वर्ष 2019 की फसल बीमा योजना में उद्यानिकी फसल के 1 लाख 72 हजार किसानों को 100 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की। इसी तरह मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के 77 लाख किसानों को, जो पीएम किसान सम्मान निधि की पात्रता रखने वाले किसानों को 2-2 हजार रूपए की किश्त सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की। इधर स्वामी विवेकानंद सभागृह में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में सांकेतिक तौर पर किसानों को 2 हजार रूपए की पहली किश्त के प्रमाण पत्र प्रदान किए। स्वामी विवेकानंद सभागृह में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी और क्षेत्रीय विधायक श्री रवि जोशी ने किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री एमएल कनेल, बीएस सोलंकी, एसडीएम सत्येंद्र सिंह, एसएलआर पवन वास्केल व आरआई विषके उपस्थित रहे।


मोबाईल पर किसानों के खेत की जानकारी


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल में आयोजित हुए कार्यक्रम के माध्यम से किसानों की खेत की संपूर्ण जानकारी वाले सीमांक एप्प का शुभारंभ भी किया। इस एप्प में लाईव माप से क्षेत्रफल की जानकारी आसानी से मिल सकती है। मिंटो हाल में आयोजित हुए कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सीधे मुख्यमंत्री ने भोपाल के परवलिया सड़क के किसान राधेश्याम, देवास के विजेंद्र दांगी और शहडोल के किसानों से लिंक के माध्यम से सीधा संवाद किया। स्वामी विवेकानंद सभागृह में विधायक श्री जोशी ने कहा कि शासन की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभ मिलेगा, तो निश्चित ही निमाड़ के किसानों की उन्नति होगी। निमाड़ के किसानों की उन्नति होगी, तो प्रदेश के किसानों की भी उन्नति होगी। विधायक श्री जोशी ने प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले किसानों को बधाई व शुभकामनाएं भी दी।


इन किसानों को दी योजना के प्रथम किश्त की राशि


स्वामी विवेकानंद सभागृह में आयोजित हुए कार्यक्रम के माध्यम से सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के 5 किसानों को 2 हजार रूपए की राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए। इनमें गोगावां के राजेश पटेल, सांगवी के हिरालाल बाबुलाल, मांगरूल खुर्द की लक्ष्मीबाई भगवानसिंह, निमगुल के खुश्याल नत्थू एवं नंदगांव रोड़ की कुसुमबाई रामेश्वर शामिल है।


पिछले 24 घंटे में 68 मरीजों की हुई पुष्टि


खरगोन। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय द्वारा शनिवार को हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया। जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 68 मरीजों की पुष्टि की गई है। वहीं 48 मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हुए है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 2 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। इनमें न्यू नूतन नगर खरगोन के 61 वर्षीय पुरूष की गुजरात बड़ौदा के पारूल अस्पताल में उपचार के दौरान 23 सितंबर को मृत्यू हुई थी। इन्हें 14 सितंबर को अस्पताल में भर्ती किया गया था और 21 सितंबर को पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। जबकि ग्राम बमनाला के 97 वर्षीय पुरूष की खरगोन में 24 सितंबर को घर पर ही मृत्यू हुई थी। इनकी 23 सितंबर को पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। इस तरह जिले में कुल कोरोना से संक्रमित 3175 मरीज है। इनमें 2622 मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हुए, 41 की मृत्यू तथा 512 मरीज स्थिर है। पिछले 24 घंटे में 558 सैंपलों की नेगेटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है तथा 601 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए है। जिले में कुल 288 कंटेनमेंट एरिया घोषित है।


 


Comments