लंबे समय से पात्रता पर्ची का इंतजार अब हुआ खत्म-कलेक्टर
साढ़े तीन लाख परिवारों को मिला राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा का अधिकार
खरगोन 16 सितंबर 2020। मप्र शासन की अन्नपूर्णा योजनांतर्गत बुधवार को नगर पालिका टाउन हाल में अन्न उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने कहा कि लंबे समय से पात्रता पर्ची का काम चल रहा था। कई ऐसे पात्र लोग जो पात्र होने के बावजूद अनाज नहीं ले पा रहे थे, अब उनका इंतजार खत्म हो गया है। जिले में ऐसे 8055 परिवारों को इस उत्सव के माध्यम से जिले की हर पंचायत और नगरीय निकायों के वार्ड में नवीन पात्रता पर्ची जारी की गई है। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा ने टाउन हाल में संबोधित करते हुए कहा कि ब्लू रंग का मास्क केवल 8 घंटे कोरोना से बचाता है। इसलिए ब्लू मास्क लगाने वाले व्यक्ति निश्चित समय पर मास्क बदलते रहे। अब सावधानी रखना हमारी आदतों में शामिल होना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा ने कहा कि बहुत भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचने का आव्हान भी किया। उन्होंने कहा कि जब तक वैक्सिन नहीं बन जाती, तब तक हम सभी को सावधानीपूर्वक समय निकालना है। अन्न उत्सव के कार्यक्रम में पात्रता रखने वाले सदस्यों को सांकेतिक तौर पर पात्रता पर्ची और खाद्यान्न राशन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नपा अध्यक्ष विपिन गौर, सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी भारतसिंह जमरे सहित खाद्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।
3 लाख 52 हजार 502 परिवारों को मिलेगा राशन
जिला पंचायत सीईओ श्री गौरव बेनल ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत कुल 3 लाख 52 हजार 502 परिवार पात्र हो गए है। इससे पूर्व 3 लाख 33 हजार 265 परिवारों को खाद्यान्न प्रदान किया जा रहा था। वहीं इस योजना में आज अन्न उत्सव आयोजन के माध्यम से 8055 पात्र परिवारों को जोड़कर पूरे जिले में पंचायत स्तर तक आयोजन के माध्यमे से पात्रता पर्ची के साथ राशन भी प्रदान किया जा रहा है। वहीं कोरोना काल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजनांतर्गत 12 हजार परिवार के सदस्यों को निःशुल्क प्रति व्यक्ति 5 किलो राशन प्रदान किया गया। अब आधार सीडिंग हो जाने के बाद पोर्टेबलिटी व्यवस्था के द्वारा अपने हिस्से का राशन किसी भी शहर से ले सकेंगे।
25 श्रेणियों के पात्र परिवारों को किया गया योजना में शामिल
कार्यक्रम के शुभारंभ में जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नुजहत बकाई ने कहा कि 2 वर्षों से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा का लाभ लेने के लिए नागरिक इंतजार कर रहे थे। सत्यापन के पश्चात अब जिले में 25 श्रेणी के विभिन्न पात्र परिवारों को योजना में शामिल कर लिया गया है, जिन्हें 35 किलो खाद्यान्न प्रदान किया जाएगा। आपूर्ति अधिकारी श्रीमती बकाई ने कहा कि अंत्योदय योजना के तहत पात्र परिवारों को 35 किलो राशन, जिसमें 30 किलो गेहूं व 5 किलो चावल के अलावा नमक, शक्कर व केरोसीन भी प्रदान किया जाता है। बुधवार को पूरे जिले की शासकीय उचित मूल्यों की दुकानों पर यह आयोजन हो रहा है।
संकट से लड़ने व मुकाबला करने के बारे में कह गए हमारे पूर्वज
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री श्री बालकृष्ण पाटीदार ने संबोधित करते हुए कहा कि संकट काल चल रहा है और हमारे पूर्वजों ने ऐसे संकट से लड़ने व मुकाबला करने के बारे में कह गए है। ऐसे संकट काल में हम सभी को मिलकर लड़ना है, लेकिन इस कोरोना ने हम सभी को विचारों व निर्णयों से एकजुट होकर लड़ना है। कार्यक्रम में नपा सीएमओ श्रीमती प्रियंका पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन अपनी तरफ से बताता रहा है, लेकिन अब हर नागरिक की अपनी अपने परिवार की जिम्मेदारी समझनी होगी। अपने परिवार व प्रियजनों को संक्रमण से बचाने के लिए मास्क, हाथ धोना व एक निश्चित दूरी बनाकर व्यवहार करना आवश्यक हो गया है। 60 वर्ष से अधिक व 10 वर्ष से कम तथा गंभीर रोगों से पीड़ित सदस्यों का ध्यान रखना जरूरी है।
किसमें क्या मिलेगा
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 अंतर्गत पात्र परिवारों को अंत्योदय योजनांतर्गत प्रति परिवार को, 35 किलो खाद्यान्न, जिसमें 30 किलो गेहूं, 5 किलो चावल, 1 किलो शक्कर, 1 किलो नमक तथा निर्धारित केरोसीन 1 या 2 लीटर प्रदान किया जाता हैं। वहीं प्राथमिकता परिवारों को, जो बीपीएल और अन्य 25 श्रेणियों तथा योजनाओं के सदस्य है, उन्हें 5 किलो खाद्यान्न, जिसमें 4 किलो गेहूं, 1 किलो चावल, 1 किलो नमक व 1 लीटर केरोसीन प्रति सदस्य के हिसाब से दिया जाता है। मप्र शासन की अन्नपूर्णा योजनांतर्गत 1 रूपए प्रतिकिलों खाद्यान्न के रूप में प्रदाय किया जाता है। जबकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में उपरोक्त दोनों प्रकार के परिवारों को 5 किलो राशन निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है।
इन्हें सांकेतिक रूप से प्रदान की पर्ची व खाद्यान्न
नपा टाउन हाल में आयोजित हुए अन्न उत्सव कार्यक्रम के माध्यम से पूरे जिले में 8055 नवीन पात्र परिवारों को पात्रता पर्ची व खाद्यान्न वितरित किया गया। वहीं सांकेतिक तौर पर अतिथियों द्वारा शोभा जायसवाल, असगरी खान, अमृता, अनिताबाई, सरजू जितेंद्र, निर्मला सोनी, बाउ, नवासीबाई, सरलाबाई, अंबिका, राधाबाई और सकिरा को मंच से पात्रता पर्ची व खाद्यान्न प्रदान किया गया।
Comments
Post a Comment